पुलिसकर्मी के दोस्तों का ड्रग्स कनेक्शन:विजयनगर थाने के दो सिपाही लाइन अटैच, तस्करों के साथ पार्टी के फोटो आए सामने

इंदौर में क्राइम ब्रांच की आंतरिक खींचतान अब बाहरी थानों तक पहुंच गई है। नशे के खिलाफ अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने एक-दूसरे के मुखबिरों को ही गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की फोटो और वीडियो वायरल होने के बाद सिपाहियों के तबादले भी किए गए हैं। क्राइम ब्रांच ने नशे के मामले में पहला केस आमिर गौरी के खिलाफ दर्ज किया था। दिलचस्प बात यह है कि यही आमिर गौरी पहले क्राइम ब्रांच से हटाए गए एक सिपाही का मुखबिर था और उसने अब तक 22 से ज्यादा ड्रग तस्करों की गिरफ्तारी में पुलिस की मदद की थी। जब उसका संपर्क क्राइम ब्रांच से टूट गया, तो उसने विजयनगर क्षेत्र में दो मामलों में पुलिस को जानकारी दी। ड्रग तस्कर आमिर गौरी के साथ विजयनगर थाने में पदस्थ सिपाही कुलदीप गडकर और नीलेश मल्होत्रा की तस्वीरें वायरल होने के बाद दोनों पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर दिया गया है। यह फोटो करीब छह महीने पुराना बताया जा रहा है, लेकिन अब इस मामले में कार्रवाई की गई है। सिपाहियों की सफाई और आमिर की हरकतें सिपाहियों का कहना है कि आमिर गौरी ने अपने जन्मदिन पर उन्हें कॉल कर बुलाया था। आमिर पहले राजस्थान से बड़ी मात्रा में ड्रग और ऑडी कार पकड़वाने में मदद कर चुका था। हालांकि, वह खुद नशे का आदी है और पुलिस से दोस्ती कर सोशल मीडिया पर अपनी छवि चमकाने के लिए उनके साथ फोटो अपलोड करता था। डीसीपी बोले- जांच के बाद होगी बहाली डीसीपी जोन 2 अभिनव विश्वकर्मा ने कहा कि फोटो वायरल होने के कारण कार्रवाई की गई है। भले ही मुखबिर के साथ फोटो हो, यह गलत है। सिपाहियों को फिलहाल लाइन अटैच किया गया है, लेकिन जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। आमिर गौरी के खिलाफ दर्ज प्रकरणों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। क्राइम ब्रांच में आपसी रंजिश और कार्रवाई करीब एक साल पहले क्राइम ब्रांच के सिपाही प्रदीप जाट को लाइन अटैच किया गया था। आमिर गौरी पहले प्रदीप के लिए मुखबिरी करता था और उसने मुंबई से एयर होस्टेस सहित 22 से ज्यादा नशे के मामले पकड़वाए थे। इसी कारण प्रदीप को अफसरों और मंत्रियों ने सम्मानित भी किया था। लेकिन आमिर के साथ उसकी तस्वीरें वायरल होने के बाद उस पर कार्रवाई हुई और उसे हटा दिया गया। प्रदीप की क्राइम ब्रांच में पकड़ से कई पुलिसकर्मियों को परेशानी थी। उसकी और आमिर की दोस्ती को लेकर अंदरूनी खींचतान थी। बाद में क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर जीतू मिश्रा ने आमिर को मुखबिरी के लिए उपयोग करना शुरू किया, लेकिन इसी दौरान आमिर ने विजयनगर पुलिस को भी दो मामले पकड़वा दिए। मुखबिरों के खिलाफ कार्रवाई तेज अब क्राइम ब्रांच की टीमें एक-दूसरे के मुखबिरों पर कार्रवाई करने लगी हैं। हरदा से पकड़े गए एक मुखबिर को जबरन आरोपी बनाने की कोशिश की गई थी, जिसे एसआई बघेल की टीम ने डीसीपी के सामने पेश कर छुड़वा दिया, लेकिन बाद में उसे 200 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया। क्राइम ब्रांच की अन्य टीमों ने भी कई मुखबिरों पर कार्रवाई की है। चंदन नगर इलाके में कुछ मुखबिरों पर ब्राउन शुगर से जुड़े केस बनाए गए हैं, जिससे अब आंतरिक विवाद और गहरा गया है। पुलिसकर्मियों और अपराधियों की नजदीकियां क्राइम ब्रांच में पदस्थ विजय चौहान और शैलू उर्फ शैलेंद्र पंवार के भी बदमाशों के साथ फोटो वायरल हुए थे। बताया जा रहा है कि यह फोटो डिपार्टमेंट के ही लोगों ने वायरल किए थे। दोनों लंबे समय से अवैध हथियार और सट्टे की कार्रवाई में सक्रिय थे। इंदौर पुलिस के कई खुफिया जवानों की तस्वीरें और वीडियो पहले भी सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं, लेकिन उन मामलों में कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई थी। अब देखना होगा कि इस बार की जांच क्या मोड़ लेती है और पुलिस महकमे में इस खींचतान का अंत कहां होता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *