जमशेदपुर के सीताराम डेरा थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में कुख्यात तड़ीपार अपराधी सलमान को गिरफ्तार कर लिया है। गुप्त सूचना के आधार पर तीन थानों की पुलिस टीम ने भालूबासा स्थित उसके आवास पर छापेमारी की। सलमान नहा रहा था, जब पुलिस ने उसे पकड़ा। गिरफ्तारी के दौरान कोई प्रतिरोध नहीं हुआ। हत्या, रंगदारी और गोलीबारी के आरोप सलमान पर हत्या, रंगदारी और गोलीबारी सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसकी मां के अनुसार, पुलिस की नजरों से बचने के लिए वह कोलकाता, दिल्ली, पटना और रांची में अपने ठिकाने बदलता रहता था। हाल ही में तड़ीपार किए जाने के बावजूद वह शहर में वापस आ गया था और अपना आपराधिक नेटवर्क मजबूत करने की कोशिश कर रहा था। बड़ी वारदात की कर रहा था तैयारी पुलिस सूत्रों के अनुसार, सलमान किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहा था। फिलहाल पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है और उसके आपराधिक नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश कर रही है। इस गिरफ्तारी से आने वाले दिनों में कई बड़े खुलासे होने की संभावना है।


