नहरी सिंचाई प्रणाली के विस्तार के लिए विस में उठी 500 करोड़ की मांग

भास्कर न्यूज | भरतपुर राजस्थान विधानसभा में स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान भरतपुर विधायक और पूर्व मंत्री डॉ. सुभाष गर्ग ने क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को पुरजोर तरीके से उठाया। उन्होंने यमुना जल समझौते के तहत भरतपुर की नहरी सिंचाई परियोजना के विस्तारीकरण के लिए आगामी बजट में 500 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत करने की मांग की है। विधायक डॉ. गर्ग ने सदन को बताया कि भरतपुर फीडर यमुना जल पर आधारित एक महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजना है, जिसकी वर्तमान प्रवाह क्षमता 300 क्यूसेक है। यह प्रणाली ओखला बैराज से निकलने वाली अडीग वितरिका से जुड़ी हुई है। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि वर्ष 2003 में भरतपुर कमांड का सिंचित क्षेत्र 11,235 से बढ़ाकर 33,483 हेक्टेयर किया गया था, लेकिन वर्तमान में किसानों को गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे मुख्य समस्या दिसंबर और जनवरी के महीनों में आती है, जब उत्तर प्रदेश से बिना मांग के पानी की आवक बढ़ जाती है। इससे भरतपुर और डीग-कुम्हेर क्षेत्रों में जल भराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। जिससे खरीफ और रबी की हजारों हेक्टेयर फसलें खराब हो जाती हैं। डॉ. गर्ग ने जोर दिया कि 500 करोड़ रुपये के निवेश से नहरी तंत्र का सुदृढ़ीकरण और विस्तारीकरण किया जाना चाहिए ताकि जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हो सके और किसान उन्नत फसल की पैदावार कर सकें। विधायक ने कहा कि नहरी तंत्र के विस्तारीकरण होने से भरतपुर क्षेत्र के किसानों को जलभराव की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *