मधुमेह विशेषज्ञ डॉ. अरविंद गुप्ता को श्री अरुमुगम चिकित्सक अनुसंधान पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान पटना में आयोजित 82वें एपीआई वार्षिक सम्मेलन में दिया गया। यह पुरस्कार इस वर्ष पहली बार शुरू किया गया। पद्मविभूषण, पद्मभूषण एवं पद्मश्री गैस्ट्रोएंट्रोलॉजिस्ट डॉ. डी. नागेश्वर रेड्डी, एपीआई अध्यक्ष डॉ. रामुलु ने यह सम्मान दिया। इसमें प्रमाण-पत्र, ट्रॉफी एवं 1 लाख रुपए दिए गए। इस राशि को डॉ. गुप्ता ने नेशनल बोर्ड एक्रेडिटेड इंस्टीट्यूशंस एसोसिएशन (एएनबीएआई) को दान कर दिया है, जो प्रतिवर्ष देशभर के दो सर्वश्रेष्ठ डीएनबी थीसिस को प्रदान की जाएगी। डॉ. गुप्ता डायबिटिक, किडनी रोग के लिए जीन पहचान, आईसीएमआर-इंडियाब प्रचलन अध्ययन एवं मधुमेह में योग की भूमिका सहित कई डायबिटीज अनुसंधान परियोजनाओं में संलग्न हैं। इनके शोध नेचर, बीएमजे एवं लांसेट जैसी अंतरराष्ट्रीय पत्रिकाओं में प्रकाशित हुए हैं।


