उपायुक्त सह अध्यक्ष, रांची पहाड़ी मंदिर विकास समिति मंजूनाथ भजंत्री व अनुमंडल पदाधिकारी सह सचिव, रांची पहाड़ी मंदिर विकास समिति कुमार रजत ने मंगलवार को पहाड़ी मंदिर परिसर का भ्रमण किया। उन्होंने महाशिवरात्रि पर्व पर की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। उपायुक्त व एसडीओ ने पर्यटन विभाग की ओर से पहाड़ी मंदिर परिसर में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की भी समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं व पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उपायुक्त ने महाशिवरात्रि पर्व को लेकर शीघ्र ही जिला स्तरीय बैठक बुलाने की बात कही। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, स्वास्थ्य सुविधा व श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी तैयारियों पर ध्यान देने का निर्देश दिया। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने परिवार के साथ पहाड़ी स्थित मुख्य मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की।


