रातू थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ा तालाब के पास सोमवार को रातू पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार युवक की पहचान अंकित वर्मा, निवासी रानी बगीचा, रातू के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर उसके पास से 20 पुड़िया ब्राउन शुगर, एक मोबाइल फोन और 10,200 रुपए नकद बरामद किए गए। बताया गया कि रातू पुलिस को काफी समय से सूचना मिल रही थी कि रातू और आसपास के इलाकों में एक युवक मादक पदार्थों की अवैध बिक्री कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर छापामारी दल का गठन किया गया। छापामारी टीम ने गश्ती के दौरान रातू बड़ा तालाब की ओर से राजा किला की ओर जा रहे एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक के पास मौजूद थैले से एल्यूमिनियम फॉयल में लिपटी 20 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई। जब्त मादक पदार्थ का कुल वजन करीब 2.58 ग्राम बताया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


