लुधियाना| थाना मेहरबान इलाके में एक युवती से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और आर्थिक शोषण करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच अधिकारी सुरजीत सिंह ने बताया कि पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उसकी मुलाकात लुधियाना में समीर अंसारी उर्फ समीर खान नामक व्यक्ति से हुई थी। आरोपी पेशे से टैक्सी ड्राइवर बताया गया है। पीड़िता के अनुसार आरोपी ने उससे नजदीकियां बढ़ाईं और शादी करने का भरोसा दिलाया। आरोप है कि एक दिन उसने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिसके बाद पीड़िता के साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने अलग-अलग समय पर उसे भावनात्मक रूप से फंसाकर शारीरिक और आर्थिक रूप से शोषण किया। घटना से जुड़ा स्थान सतलुज दरिया के बांध के पास, गांव चूहड़वाल क्षेत्र बताया गया है। पीड़िता ने कहा कि उसे लंबे समय तक धोखे में रखा गया। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी समीर अंसारी उर्फ समीर खान, निवासी मेहरबान क्षेत्र, के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है|


