भास्कर न्यूज | लुधियाना पुलिस में अनुशासनहीनता के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस कमिश्नर ने थाना सराभा नगर के प्रभारी सब इंस्पेक्टर आदित्य शर्मा को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, आदित्य शर्मा को एक विशेष ट्रेनिंग सेशन के लिए फिल्लौर भेजा गया था। यह ट्रेनिंग सरकारी आदेशों के तहत अनिवार्य थी, लेकिन वह इसमें शामिल नहीं हुए। विभागीय सूत्रों के अनुसार, इस लापरवाही को गंभीरता से लिया गया। मामला यहीं तक सीमित नहीं रहा। आरोप है कि संबंधित अधिकारी ने कुछ वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भी कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया। इस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों के माध्यम से पुलिस कमिश्नर तक पहुंचाई गई थी। रिपोर्ट का अध्ययन करने के बाद पुलिस कमिश्नर ने सख्त रुख अपनाते हुए आदित्य शर्मा को निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए। आदेशों में ड्यूटी में कोताही और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अनुचित व्यवहार को मुख्य आधार बताया गया है। आदित्य शर्मा पूर्व आईपीएस अधिकारी ईश्वर चंद्र के बेटे बताए जा रहे हैं और लंबे समय से लुधियाना में तैनात थे। इसके बावजूद विभाग ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नियम सभी के लिए समान हैं और अनुशासन से समझौता नहीं किया जाएगा। थाना सराभा नगर जैसे अहम थाने के प्रभारी पर हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में इसकी चर्चा तेज है। अधिकारियों का साफ कहना है कि ड्यूटी में लापरवाही, आदेशों की अनदेखी और वरिष्ठों से दुर्व्यवहार किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


