लुधियाना| जमालपुर की गोबिंद कॉलोनी में मंगलवार दोपहर लैंटर डाले जाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मकान की तीसरी मंजिल पर लैंटर की शटरिंग के काम में इस्तेमाल हो रही लोहे की पाइप पास से गुजर रही हाई वोल्टेज तारों से टकरा गई। टक्कर होते ही तेज धमाका हुआ और करंट फैल गया। स्थानीय निवासी युवराज ने बताया कि हादसा करीब दोपहर 2 बजे हुआ। करंट इतना तेज था कि मशीन में भी बिजली दौड़ गई और काम कर रहे लोग उसकी चपेट में आ गए। करंट लगने से तीन लोगों को अस्पताल ले जाना पड़ा। पुलिस की ओर से अभी किसी की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करंट लगने के बाद दो लोग झुलसकर तीसरी मंजिल से नीचे गिर गए। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के दौरान पास में मौजूद एक महिला के घबराने से उसकी तबीयत भी बिगड़ गई और उसे अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने कहा कि मामले की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के बाद बिजली विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और सुरक्षा के लिए इलाके की बिजली सप्लाई काट दी गई। जले हुए मीटर और तार बदलने का काम शुरू कर दिया गया है। धमाके से कई घरों के बिजली मीटर जल गए। लोगों ने बताया कि 10 से ज्यादा घरों के मीटर खराब हो गए, वहीं कई घरों के टीवी, फ्रिज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान भी फुंक गए। मोहल्ला निवासियों का कहना है कि रिहायशी इलाके से हाई वोल्टेज तारों का गुजरना खतरा है।


