रचा इतिहास: कबीरधाम के 13 पैरा खिलाड़ियों ने 32 पदक जीते

भास्कर न्यूज | कवर्धा कबीरधाम जिले के पैरा खिलाड़ियों ने अपनी इच्छाशक्ति और शानदार प्रदर्शन से राज्य खेल जगत में नया इतिहास रच दिया है। 16वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता में जिले के 13 खिलाड़ियों ने कुल 32 पदक जीतकर कबीरधाम को ओवरऑल चैंपियन बना दिया। प्रतियोगिता के दौरान कबीरधाम के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला। दौड़, थ्रो और जंप जैसी कई स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक हासिल किए। खिलेश्वर पटेल ने ट्रैक इवेंट में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 400 मीटर, 100 मीटर दौड़ और लंबी कूद में स्वर्ण पदक जीतकर प्रतियोगिता में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। वहीं सुखनंदन निषाद ने भी ट्रैक इवेंट में दमदार प्रदर्शन करते हुए 200 मीटर, 100 मीटर दौड़ और लंबी कूद में स्वर्ण पदक हासिल किए। इन खिलाड़ियों की सफलता केवल पदकों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उनकी मेहनत, अनुशासन और मजबूत आत्मविश्वास का परिणाम है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों के संघर्ष और अटूट हौसले की जीत है। थ्रो इवेंट में दबदबा, गोला तवा फेंक में स्वर्ण जीता फील्ड इवेंट में भी कबीरधाम के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। छोटी मेहरा ने तवा फेंक और गोला फेंक दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर शानदार खेल दिखाया। अनिल कुमार ने गोला फेंक और भाला फेंक में स्वर्ण पदक हासिल किया। अरुण वर्मा ने भाला फेंक, लंबी कूद और गोला फेंक में स्वर्ण पदक जीतने के साथ 100 और 200 मीटर दौड़ में रजत पदक हासिल किया। गांधी कुर्रे ने भाला फेंक और लंबी कूद में स्वर्ण, 100 मीटर दौड़ और गोला फेंक में रजत पदक जीतकर टीम की पदक तालिका मजबूत की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *