भास्कर न्यूज| रायगढ़ा/काशीपुर आदित्य बिड़ला समूह की एल्यूमिना इंटरनेशनल लिमिटेड (यूएआईएल) ने अपने सामाजिक उत्तरदायित्व कार्यक्रम के अंतर्गत काशीपुर ब्लॉक के टिकिरी गांव में नवनिर्मित सामुदायिक केंद्र का उद्घाटन किया। इस सामुदायिक केंद्र का औपचारिक उद्घाटन यूनिट हेड एवं प्रेसिडेंट रवी नारायण मिश्र ने किया। इस अवसर पर स्थानीय समुदाय के प्रतिनिधि एवं यूएआईएल की सीएसआर टीम के सदस्य उपस्थित रहे। टिकिरी गांव के मध्य स्थित यह सामुदायिक केंद्र ग्रामीणों के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के आयोजन हेतु एक साझा मंच के रूप में विकसित किया गया है। यह केंद्र गांव में सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ-साथ बैठकों, समारोहों एवं सामूहिक कार्यक्रमों के लिए एक समावेशी स्थान प्रदान करेगा। रवी नारायण मिश्र ने कहा कि यूएआईएल अपने परिधीय क्षेत्रों में समावेशी एवं सतत सामुदायिक विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की सामुदायिक परिसंपत्तियां सामूहिक भागीदारी को बढ़ावा देने तथा स्थानीय संस्कृति के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।


