श्रीराम हमें त्याग और आदर्श सिखाते हैं: टंकराम

भास्कर न्यूज | तिल्दा-नेवरा नगर के ऐतिहासिक बीएनबी स्कूल मैदान में चल रही भव्य श्रीमद् श्रीराम कथा के तीसरे दिन बुधवार को प्रभु श्रीराम का जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। पूरा कथा स्थल अयोध्या की तरह सजाया गया था। जैसे ही व्यास पीठ से “भय प्रगट कृपाला, दीनदयाला” का संगीतमय पाठ गूंजा, श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। पंडाल में पुष्पवर्षा और शंखनाद से वातावरण भक्तिमय हो गया। स्व. सोनचंद वर्मा स्मृति फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित कथा में अयोध्या की प्रसिद्ध मानस विदुषी दीदी देवी चंद्रकला ने प्रभु श्रीराम के जन्म की कथा का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा सुनते समय हजारों श्रद्धालु झूमते नजर आए और जय श्रीराम के उद्घोष से पूरा मैदान गूंज उठा। चौथे दिन बाल लीलाओं का होगा वर्णन: कथा के चौथे दिन गुरुवार को भगवान श्रीराम की बाल लीलाओं, ताड़का वध सहित अन्य प्रेरक प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा। आयोजन समिति ने समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों से सपरिवार उपस्थित होने की अपील की है। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने व्यास पीठ का पूजन कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर आयोजन के मुख्य संयोजक पुष्पराज वर्मा भी मौजूद रहे। मंत्री वर्मा ने कहा कि श्रीराम का जीवन मर्यादा, त्याग और आदर्शों की सीख देता है, जिसे हर व्यक्ति को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। कथा आयोजन को सफल बनाने में नगर के वरिष्ठजनों और जनप्रतिनिधियों का सहयोग रहा। आयोजन समिति द्वारा पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। लोगों को परेशामी नहीं हो रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *