भास्कर न्यूज | लुधियाना हार्वेस्ट टेनिस अकादमी, जस्सोवाल में आज से दूसरी जूनियर एशियन सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप का शुभारंभ होने जा रहा है। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 21 देशों के 550 खिलाड़ी और करीब 150 कोच व स्टाफ सदस्य हिस्सा लेंगे। इस तरह कुल करीब 700 लोग इस चैंपियनशिप से जुड़े होंगे। यह जानकारी सॉफ्ट टेनिस एसोसिएशन पंजाब के प्रधान अनुमीत सिंह हीरा सोढ़ी ने फिरोजपुर रोड स्थित होटल रेडिसन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि पहले 23 देशों की भागीदारी तय थी, लेकिन निपाह वायरस के चलते जापान और साउथ कोरिया की टीमें भारत नहीं आ सकीं। उनके टिकट बुक थे, लेकिन संबंधित देशों की सरकारों से अनुमति नहीं मिलने के कारण टीमों को एयरपोर्ट से ही वापस लौटना पड़ा। एसोसिएशन प्रधान ने कहा कि लुधियाना के लिए यह गर्व की बात है कि एशियन लेवल की यह चैंपियनशिप पहली बार भारत में और वह भी लुधियाना में आयोजित हो रही है। हार्वेस्ट टेनिस अकादमी में 10 कोर्टों पर मुकाबले करवाए जाएंगे। बुधवार को शाम 4 बजे ओपनिंग सेरेमनी आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि सॉफ्ट टेनिस एशियन गेम्स का हिस्सा है और कोरिया, जापान समेत कई देशों में यह खेल काफी लोकप्रिय है। भारत में भी अब इसके कई कोर्ट विकसित किए जा चुके हैं। चैंपियनशिप के मुकाबले 4 फरवरी से 9 फरवरी तक चलेंगे। इसमें जूनियर वर्ग के अंडर-15, अंडर-18 और अंडर-21 आयु वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। सॉफ्ट टेनिस एसोसिएशन पंजाब के जनरल सेक्रेटरी नरिंदर पाल सिंह ने बताया कि रोजाना एकल, युगल और मिश्रित युगल वर्ग के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। प्रतिदिन विजेताओं को पदक और प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। इंडिया टीम में पंजाब के 8 खिलाड़ी शामिल हैं। इनमें जयंत ग्रेवाल, सहजप्रीत सिंह, अरमान सिंह, जसकरन सिंह, कृष्णा छावड़ा, माइया आहूजा और दमनप्रीत कौर (सभी लुधियाना) के साथ जालंधर की जैसमीन बोगल शामिल हैं। नरिंदर पाल सिंह ने बताया कि वीजा न मिलने के कारण पाकिस्तान, अफगानिस्तान, ईरान, बांग्लादेश समेत पांच देशों के खिलाड़ी इस बार टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले पा रहे हैं। यह चैंपियनशिप चार साल में एक बार आयोजित होती है। करीब दो लाख दर्शक देश-विदेश से इस चैंपियनशिप को वर्चुअल और प्रत्यक्ष रूप से देख सकेंगे। मैचों का लाइव प्रसारण एसोसिएशन के यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा। चैंपियनशिप में 50 से अधिक अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इनमें छह वर्ल्ड चैंपियनशिप, छह एशियन चैंपियनशिप, चार वर्ल्ड जूनियर चैंपियनशिप, एक एशिया जूनियर, एक एशियन यूनिवर्सिटी और एक साउथ एशियन चैंपियनशिप के खिलाड़ी शामिल होंगे। इस मौके पर एमेच्योर सॉफ्ट टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया के सुदेश सांगते, एनजी बेगड़ा, हंममुख वेगड़ा, अनिकेत खोदादरा, हर्षाग खोदादरा और डॉ. प्रदीप कुमार सिंह भी मौजूद रहे।


