अमृतसर | जिले के गांव फतेहाबाद के मुख्य बाजार में उस समय हड़कंप मच गया, जब मोटरसाइकिल सवार अज्ञात हमलावरों ने ‘भापा जी की हाटी’ नामक कपड़ों की दुकान पर फायरिंग कर दी। गोलियों की गूंज सुनते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा के मद्देनजर दुकानदारों ने तुरंत अपने शटर गिरा दिए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की। गनीमत रही कि इस हमले में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। पुलिस घटनास्थल से सबूत जुटा रही है और हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।


