मानसिक और बौद्धिक विकास का प्रभावी माध्यम शतरंज खेल: महोबे

भास्कर न्यूज | जांजगीर बच्चों में बौद्धिक विकास, एकाग्रता, अनुशासन और रणनीतिक सोच को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अंडर-10, अंडर-15 और अंडर-19 आयु वर्ग की राज्य स्तरीय एकदिवसीय रैपिड शतरंज प्रतियोगिता होटल हरियाली हेरिटेज में गरिमामय वातावरण में आयोजित की गई। प्रतियोगिता में जांजगीर-चांपा, रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, सक्ती, बलौदाबाजार, अंबिकापुर, जशपुर, दुर्ग और बस्तर सहित विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में बालक और बालिका खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। मुकाबले रोमांचक और प्रतिस्पर्धात्मक रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर जन्मेजय महोबे रहे। उन्होंने कहा कि शतरंज केवल एक खेल नहीं, बल्कि बच्चों के मानसिक और बौद्धिक विकास का प्रभावी माध्यम है, जो धैर्य, अनुशासन, तार्किक सोच और सही निर्णय क्षमता को विकसित करता है। समापन अवसर पर एसडीएम और जिला खेल अधिकारी सुब्रत प्रधान, डॉ. रुचि गुलाबानी और विमल मानिकपुर ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और नकद राशि देकर सम्मानित किया। आयोजन में जिला शतरंज संघ अध्यक्ष देवेंद्र राठौर, उपाध्यक्ष देवेंद्र यादव, सचिव गिरधर गोपाल और कोषाध्यक्ष लोकेश यादव का विशेष योगदान रहा। अंडर-10 बालक वर्ग में वेदांश यादव प्रथम, आयांश फुल्लर द्वितीय और हृधान मावलंकर तृतीय रहे। बालिका वर्ग में अनिरुद्धि अनंत प्रथम, सिद्धि सराफ द्वितीय और अनिका साहू तृतीय स्थान पर रहीं। अंडर-15 बालक वर्ग में प्रभमन सिंह प्रथम, रिमेश कालो द्वितीय और शुभम कुमार साहू तृतीय रहे। बालिका वर्ग में संबोधि सिंह प्रथम, निधि ध्रुववंशी द्वितीय और अन्वेषा राठौर तृतीय रहीं। अंडर-19 बालक वर्ग में गगन साहू प्रथम, भुवनेश्वर सिंह द्वितीय और प्रथम राठौर तृतीय रहे। बालिका वर्ग में जसमन कौर प्रथम, इशिका साहू द्वितीय और अदिति बसंत तृतीय स्थान पर रहीं। विशेष पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ यंगेस्ट खिलाड़ी सक्षम गुलाबानी, सर्वश्रेष्ठ जांजगीर-चांपा खिलाड़ी विनायक मिश्रा और दिव्यांग खिलाड़ी साध्य केशरवानी सम्मानित हुए। विद्यालय स्तर पर सैनिक स्कूल अंबिकापुर प्रथम, जैन पब्लिक स्कूल कोरबा और लोटस पब्लिक स्कूल जांजगीर-चांपा द्वितीय तथा गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल जांजगीर-चांपा तृतीय स्थान पर रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *