भागवत कथा मनुष्य को सत्य, संयम व सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है: रविनंदन शास्त्री

भास्कर न्यूज | लुधियाना उत्तम देवी साधू आश्रम शिवपुरी द्वारा बाजवा नगर स्थित वेद निकेतन धाम में मंगलवार को 49वें विराट धर्म सम्मेलन-महायज्ञ और श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का भव्य आगाज हुआ। अनंत विभूति 1008 महामंडलेश्वर स्वामी वेद भारती महाराज के सान्निध्य में शुरू हुए इस धार्मिक अनुष्ठान के पहले दिन पूरा पंडाल श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक शांति के अनूठे संगम से सराबोर नजर आया। महोत्सव का शुभारंभ प्रवीण बहल व क्रांति बहल परिवार तथा कांता धीर, सुभाष मग्गो व अशोक बब्लू परिवारों द्वारा संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर किया गया। विजय सहगल और अमित सहगल ने ज्योति प्रचंड की, जबकि मंच का उद्घाटन हरीश मल्होत्रा ने किया। नरेश, हरीश छाबड़ा और कांता छाबड़ा ने गुरु गद्दी पूजन कर आशीर्वाद लिया। एमआर कपूर परिवार ने प्रवेश द्वार और अश्वनी कुमार ने मंदिर का विधिवत उद्घाटन किया। मुख्य यजमान सुनीता रानी, रमेश कुमार, रजनी रानी, सुशील मग्गो, अनीता रानी और तजिन्द्र कुमार ने श्रीमद्भागवत पूजन कर कथा का पुण्य लाभ प्राप्त किया। कथा व्यास रविनंदन शास्त्री ने भागवत महापुराण की महिमा का भावपूर्ण वर्णन करते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत केवल एक ग्रंथ मात्र नहीं है, बल्कि यह वह कला है जो हमें श्रेष्ठ जीवन जीना सिखाती है। शास्त्री ने कहा कि आज के भौतिकतावादी युग में मनुष्य जब अहंकार और विकारों से घिर जाता है, तब भागवत कथा ही उसे सत्य, संयम और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। उन्होंने राजा परीक्षित और शुकदेव मुनि के प्रसंग के माध्यम से समझाया कि भागवत का श्रवण मनुष्य को आत्मबोध कराता है और उसे मुक्ति के मार्ग पर अग्रसर करता है। इस अवसर पर स्वामी प्रिया भारती, अमिता भारती, चैतन्य भारती, सुगीता भारती, सुमेधा भारती और सुकीर्ति भारती ने उपस्थित श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम में सुंदर दास मोंगा, साहिल खुराना, ज्ञानचंद अग्रवाल, नरेश बांसल, आयुष गुप्ता, पुरुषोत्तम दास गुप्ता सहित भारी संख्या में भक्तगण उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *