पंचायतीराज चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू हो गई है। एसआईआर के बाद 14 फरवरी को मतदाताओं की अंतिम सूची जारी की जाएगी। फिलहाल एसआईआर में नाम जोड़ने, काटने और संशोधन को लेकर आपत्तियों की जांच चल रही है। इसके बाद अंतिम रूप से इन आपत्तियों पर सुनवाई कर बाड़मेर जिले की सभी 4 विधानसभाओं की बूथवार फाइनल सूची जारी की जाएगी। हालांकि एआईआर में बीएलए-2 की ओर से फॉर्म-7 भरने की गड़बड़ियों को लेकर कांग्रेस की ओर से आरोप लगाए थे, सैकड़ों फॉर्म फर्जी तरीके से भरे जाने के बाद एसडीएम स्तर पर इन फॉर्म की जांच की जा रही है। आपत्तियों के बाद वास्तविक और कटने योग्य मतदाता के ही फॉर्म-7 स्वीकार किए है। ऐसे में बाड़मेर के 1203181 वोटर में 18 वर्ष की आयु वाले करीब 36334 से ज्यादा वोटर जुड़ेंगे। वहीं 6 हजार नाम कटेंगे। भास्कर एक्सप्लेनर – बाटाडू, विशाला, मांगता व चौहटन समिति हो सकती है आरक्षित बाड़मेर जिले में बायतु, आडेल, मांगता, शिव, भियाड़, रामसर, बाड़मेर, विशाला, डूगेरो का तला, धनाऊ, चौहटन, लीलसर, गडरारोड, बाटाडू, सेड़वा, फागलिया, बाड़मेर ग्रामीण पंचायत समितियां है। इनमें 269 पंचायत समिति सदस्य चुने जाएंगे। इनमें करीब 45 वार्ड एससी, 13 एसटी के लिए आरक्षित हो सकते हैं। इनके अलावा इन पंचायत समितियों में 625 ग्राम पंचायतें है। इनमें करीब 113 ग्राम पंचायतें एससी व 39 एसटी के लिए आरक्षित हो सकती है। इनके अलावा 17 पंचायत समितियों में बाटाडू, विशाला, मांगता पंचायत समिति एससी और चौहटन एसटी के लिए आरक्षित हो सकती है। इन समितियों में एससी-एसटी की आबादी ज्यादा है। बाड़मेर जिले में 2011 की जनगणना के अनुसार 1308992 आबादी है, इसमें एससी 232794 यानि 17.78% व एसटी 84332 यानि 6.44% है। इसी वजह से जिला परिषद के 37 वार्डों में 7 वार्ड एससी, 2 वार्ड एसटी के लिए आरक्षित हो सकते है। ऐसे में 28 वार्डों में ओबीसी और सामान्य चुनाव लड़ सकता है। 18 साल की उम्र वाले 36 हजार नए वोटर जुड़ेंगे वर्तमान में हर बूथ स्तर पर एसआईआर का काम चल रहा है। इसमें नए वोटर जोड़ने, पुराने काटने, नाम संशोधन सहित कई प्रक्रियाएं चल रही है। ऐसे में फॉर्म-6 नए नाम जोड़ने के लिए भरा गया है। इसमें करीब 36334 मतदाता है, जो पहली बार वोट डालेंगे। 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नए वोटर को जोड़ने के लिए फॉर्म-6 से 36334 आवेदन आए है। इसी तरह नाम काटने के लिए बीएलए-2 और अन्य आपत्तियों से जुड़े फॉर्म-7 के 5980 आवेदन आए है। इन आवेदनों की जांच के बाद नाम कटने पर मुहर लग सकती है। इसी तरह नाम संशोधन सहित अन्य त्रुटियों से जुड़े 16987 फॉर्म-8 के आवेदन आए है। नाम जुड़ने वाले नए युवा वोटरों में सर्वाधिक गुड़ामालानी विधानसभा में 9759, शिव में 9643, चौहटन में 9059, बाड़मेर में 7873 मतदाता है।


