सवाई माधोपुर में UGC के विरोध में मशाल जुलूस:सवर्ण समाज के लोगों ने जुलूस निकालकर कानून रद्द करने की मांग

UGC को लेकर सवर्ण समाज में लगातार आक्रोश बढ़ता ही जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार शाम सवाई माधोपुर में सवर्ण समाज की ओर से UGC एक्ट के विरोध में सवर्ण समाज ने मशाल जुलूस निकाला गया और UGC एक्ट को रद्द करने की मांग की गई। यहां श्री राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना के नेतृत्व में मशाल जुलूस में सवर्ण समाज के विभिन्न संगठनों से जुड़े पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। महिपाल सिंह मकराना के नेतृत्व में मशाल जुलूस निकाला
सवर्ण समाज का मशाल जुलूस सिटी सेंटर मॉल से शुरू हुआ, जो बजरिया के मुख्य बाजारों से होते हुए अंबेडकर सर्किल पहुंचकर सम्पन्न हुआ। इस दौरान मशाल जुलूस में शामिल सवर्ण समाज के लोगो ने UGC रोल बैक सहित भाजपा एंव प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। श्री राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना ने कहा कि UGC पर फिलहाल न्यायालय द्वारा महज स्टे दिया गया है। केंद्र सरकार ने इसे रद्द नही किया है और जब तक केंद्र सरकार की ओर से UGC एक्ट को पूरी तरह रद्द नही किया जाएगा सवर्ण समाज चुप नही बैठेगा।‌उन्होंने कहा कि सवर्ण समाज हमेशा से बीजेपी समर्थक रहा है, लेकिन अफ़सोस इस बात का है कि जिन लोगो को हमने चुनकर संसद में भेजा उन्ही लोगो ने सवर्ण समाज के साथ कुठाराघात किया और UGC एक्ट ले आये। उन्होंने कहा कि UGC एक्ट अंग्रेजों के रोलेक्ट एक्ट जैसा एक्ट है जिस तरह रोलेक्ट एक्ट आने के बाद जलियावाला बाग कांड हुआ था। क्या सरकार एक बार फिर देश मे उसी तरह की घटना करवाना चाहती है ,एक तरफ तो सरकार सबका साथ सबका विकास की बात करती है और दूसरी तरफ समाज को जातियों में बांटकर जहर घोलना चाहती है । मकराना ने कहा कि भाजपा को क्या लगता है सवर्ण समाज उनका बंधवा मजदूर है ,सवर्ण समाज UGC एक्ट को किसी भी सूरत में बर्दास्त नही करेगा है , समाज बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करेगा। विधानसभा घेराव की बनेगी रणनीति इस दौरान उन्होंने कहा कि UGC एक्ट के विरोध में जल्द ही सवर्ण समाज की ओर से देश भर में बड़ा आंदोलन किया जाएगा और राजस्थान में भी विधानसभा घेराव किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने सवर्ण समाज के लोगो से आगामी पंचायत राज चुनावों व नगर निकाय चुनावों में भाजपा का बहिष्कार करने का आह्वान किया और मशाल जुलूस में शामिल लोगों को भाजपा को वोट नही करने की शपथ भी दिलाई।‌ इस दौरान करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सिंह खिजूरी, जिलाध्यक्ष रवींद्र सिंह चीतारा, ब्राह्मण समाज के किशन शर्मा, अग्रवाल समाज अध्यक्ष राजेंद्र कुमार, जैन समाज अध्यक्ष अलंकार, गिरिराज प्रसाद, मोहनलाल शर्मा, हेमंत सिंह, राजेंद्र सिंह, वीरेंद्र भाया, वीरेन सिंह, अनिल शर्मा, भवानी गौतम, रमेश चंद और डॉ. नागेंद्र शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *