चंडीगढ़ सेक्टर-19 मार्केट में खरीदारी के दौरान पत्नी के पर्स से करीब 5 तोला सोने के गहने और 4 हजार रुपये नकद चोरी होने के मामले में एक क्रिकेट कोच पिछले 3 महीनों से पुलिस थाने के चक्कर काट रहा है। पीड़ित का आरोप है कि शिकायत देने और सीसीटीवी फुटेज सौंपने के बावजूद सेक्टर-19 थाना पुलिस ने अब तक मामले में शिकायत तक दर्ज नहीं की है। मनीमाजरा निवासी क्रिकेट कोच किशोर सिंह ने बताया कि 14 अक्टूबर 2025 को वह अपनी पत्नी और दो साल के बच्चे के साथ सेक्टर-19 मार्केट खरीदारी के लिए गए थे। उनकी पत्नी के हैंडबैग में एक छोटा पाउच था, जिसमें चार सोने की अंगूठियां और एक सोने का मंगलसूत्र रखा था। गहनों का कुल वजन करीब 5 तोला बताया गया है। किशोर सिंह के अनुसार, भीड़ का फायदा उठाकर दो अज्ञात महिलाओं ने पर्स से ज्वेलरी पाउच चोरी कर लिया। चोरी का पता उन्हें अगले दिन चला। सीसीटीवी में कैद हुईं संदिग्ध महिलाएं
पीड़ित ने खुद मार्केट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। फुटेज में दो संदिग्ध महिलाएं पहले एक अन्य महिला का पर्स काटती नजर आईं और बाद में वही महिलाएं किशोर सिंह की पत्नी का पीछा करते हुए उसके बैग को निशाना बनाती दिखाई दीं। पीड़ित का दावा है कि ये महिलाएं उसी दिन बाजार में एक और चोरी की वारदात में भी शामिल थीं, जिसकी शिकायत किसी अन्य व्यक्ति ने सेक्टर-19 थाने में दी थी। पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
किशोर सिंह ने कहा उन्होंने सभी सीसीटीवी क्लिप्स के साथ लिखित शिकायत सेक्टर-19 थाना पुलिस को दी, लेकिन 3 महीने से ज्यादा समय बीतने के बावजूद न तो एफआईआर दर्ज की गई और न ही किसी कार्रवाई की जानकारी दी गई। वह लगातार पुलिस से संपर्क कर रहे हैं, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिल रहा है।


