भूपेश बोले-एपस्टीन से जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक होने से हलचल मची:भिलाई में कहा- कश्मीर और केरल फाइल पर शोर मचाने वाली भाजपा इस पर मौन

पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल ने अमेरिका में सामने आई एपस्टीन फाइल को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर हमला बोला है। भिलाई में उन्होंने कहा कि अमेरिका के न्याय विभाग के एपस्टीन से जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक होने के बाद पूरी दुनिया में हलचल मची हुई है, लेकिन भारत में भाजपा और उसका नेतृत्व इस मुद्दे पर पूरी तरह मौन है। भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एपस्टीन फाइल में प्रधानमंत्री के नाम की चर्चा हो रही है। इसके बावजूद भाजपा कोई स्पष्टीकरण देने से बच रही है। भाजपा ने पहले कश्मीर फाइल और केरल फाइल जैसे मुद्दों पर जमकर राजनीति की, फिल्में बनीं और प्रचार किया गया। लेकिन जब मामला अंतरराष्ट्रीय स्तर का और गंभीर है तो चुप्पी साध ली गई है। एपस्टीन फाइल को लेकर क्या बोले भूपेश बघेल ? भूपेश बघेल ने कहा, “आपने देखा कश्मीर फाइल आई, उस पर फिल्म बनी, समाज को बांटने का काम किया गया। फिर केरल फाइल आई, उस पर भी यही हुआ। अब एपस्टीन फाइल आई है। अमेरिका के न्याय विभाग ने एपस्टीन से जुड़े दस्तावेज़ खोले हैं। इसमें प्रधानमंत्री तक के नाम की चर्चा हो रही है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी, उसका नेतृत्व और प्रधानमंत्री सभी चुप हैं। कश्मीर फाइल और केरल फाइल पर बहुत बोला गया, अब एपस्टीन फाइल पर क्यों नहीं बोल रहे?” कई प्रभावशाली लोगों के नामों की चर्चा एपस्टीन फाइल से जुड़े खुलासों के बाद अमेरिका समेत पूरी दुनिया में चर्चाओं का दौर तेज है। कई प्रभावशाली और चर्चित हस्तियों के नाम सामने आने की चर्चा हो रही है, जिससे इस पूरे मामले को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। भूपेश बघेल ने कहा कि केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री को इस विषय पर देश को स्पष्ट जवाब देना चाहिए और स्थिति साफ करनी चाहिए। भाजपा और प्रधानमंत्री से जवाब की मांग पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछना और उनका जवाब देना दोनों जरूरी हैं। यदि भाजपा पारदर्शिता और जवाबदेही की बात करती है, तो उसे इस मामले में भी खुलकर अपना पक्ष रखना चाहिए। फिलहाल, भाजपा की ओर से इस बयान पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *