पंजाब के लुधियाना में साहनेवाल के महादेव कॉलोनी इलाके में सोमवार रात दो प्रतिद्वंद्वी गुटों के बीच हिंसक झड़प मामले में पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है। पुलिस से 28 बदमाशों पर मामला दर्ज कर दिया है। 16 बदमाशों पर पुलिस ने बायनेम FIR दर्ज की जबकि 12 अज्ञात आरोपी है। दोनों पक्षों ने पहले पत्थरबाजी की और फिर एक-दूसरे पर फायरिंग कर दी। घटना में एक युवक को गोली लगी, जबकि चार अन्य घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक गोली लगने से घायल युवक की पहचान उकेश के रूप में हुई है, जिसे पैर में गोली लगी। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। फायरिंग और पथराव से इलाके में दहशत फैल गई, जिसके बाद बाजार में मौजूद दुकानदारों ने आनन-फानन में दुकानें बंद कर दीं। मौके से फरार हुए आरोपी, वाहन छोड़कर भागे
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों गुटों के सदस्य खुलेआम एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर फेंक रहे थे। कुछ देर बाद फायरिंग शुरू हो गई। पुलिस के मौके पर पहुंचते ही आरोपी फरार हो गए और अपने वाहन वहीं छोड़ गए। अगले दिन बदले की कार्रवाई, रॉयल एनफील्ड बाइक को किया आग के हवाले
घटना के एक दिन बाद मंगलवार को एक गुट ने दूसरे गुट की रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल को आग लगा दी। इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ हत्या के प्रयास, दंगा और आर्म्स एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने बोहीमिया, मसले, अनमोल शर्मा, इंद्रजीत सिंह, रोहित, रजित, बबलू वर्मा, सागर, मोहित, लोकेश रावत, मनी खच्चर, खान, मोनू कुमार उर्फ माणों, अमन, दलीप उर्फ डी.के, प्रदीप धीगान सहित 12 अज्ञात है। मनी खच्चर पर करीब 5 दिन पहले एक बर्थ डे पार्टी दौरान भी फायरिंग की कोशिश का मामला दर्ज हुआ है। साहनेवाल थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गुरमुख सिंह ने बताया कि यह घटना पुरानी रंजिश का नतीजा है। दोनों पक्षों की ओर से फायरिंग की गई, जिसमें बोहीमिया गुट का उकेश घायल हुआ। कुछ आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी है। सभी की गिरफ्तारी के लिए लगातार रेड की जा रही है। फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।


