मैट्रिक-इंटर परीक्षा का दूसरा दिन:पहली पाली में हो रही 10वीं की परीक्षा, प्रशासन अलर्ट, छात्रों में दिखा आत्मविश्वास

झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) द्वारा आयोजित मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का आज पूरे राज्य में दूसरा दिन है। राज्य के सभी जिलों में एक साथ परीक्षा संचालित की जा रही है। पहली पाली में मैट्रिक की परीक्षा शुरू हुई, जबकि दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की परीक्षा ली जाएगी। आज हिंदी कोर्स ए और बी पेपर की परीक्षा है। इस वर्ष राज्यभर में करीब 7.5 लाख छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा को लेकर शहरी और ग्रामीण, दोनों क्षेत्रों में केंद्रों पर सुबह से ही परीक्षार्थियों की भीड़ देखी गई। अधिकांश छात्र रिपोर्टिंग टाइम से पहले केंद्र पर पहुंच गए थे, जिससे परीक्षा को समय पर शुरू करने में सहूलियत मिली। कड़ी सुरक्षा और निगरानी में हो रही परीक्षा बोर्ड परीक्षा को लेकर पूरे राज्य में प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। राज्य के सभी जिलों के परीक्षा केंद्रों के बाहर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। कई संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। केंद्रों के अंदर सीसीटीवी कैमरे, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और उड़नदस्ता दल लगातार निगरानी कर रहे हैं। परीक्षा केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा लागू की गई है, ताकि किसी भी तरह की भीड़, अफवाह या अव्यवस्था से बचा जा सके। प्रवेश से पहले परीक्षार्थियों की सघन जांच की गई। प्रवेश पत्र व पहचान पत्र का मिलान अनिवार्य किया गया है। चुनावी गतिविधियों के बीच भी परीक्षा पर फोकस राज्य में जहां निकाय चुनाव की गतिविधियां चल रही हैं, वहां भी बोर्ड परीक्षाओं पर पूरा फोकस रखा गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव और परीक्षा, दोनों ही कार्य पूरी गंभीरता से और बिना किसी व्यवधान के संपन्न कराए जाएंगे। प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया है कि चुनावी शोरगुल या आवागमन का असर परीक्षार्थियों पर न पड़े। परीक्षा केंद्रों के आसपास शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है और अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। छात्रों में उत्साह, अभिभावकों ने की व्यवस्था की सराहना परीक्षा देने पहुंचे छात्रों में उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला। मैट्रिक के छात्रों ने बताया कि आज हिंदी विषय की परीक्षा है, जिसकी तैयारी उन्होंने पूरी कर ली है। थोड़ी घबराहट जरूर है, लेकिन तैयारी अच्छी होने के कारण भरोसा बना हुआ है। इंटर के छात्र भी दूसरी पाली की परीक्षा को लेकर केंद्रों पर समय से पहुंच रहे हैं। परीक्षा केंद्रों के बाहर मौजूद अभिभावकों ने प्रशासन और JAC द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। उनका कहना है कि शांत, सुरक्षित और अनुशासित माहौल में परीक्षा होने से बच्चों को बेहतर प्रदर्शन करने में मदद मिल रही है। प्रशासन ने दोहराया है कि किसी भी तरह के कदाचार या नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *