वर्ल्ड कैंसर डे…छत्तीसगढ़ में शुरू हुआ निशुल्क कैंसर जांच प्रोग्राम:8 सप्ताह में 35 बच्चों की फ्री चेकअप; ओडिशा-तेलंगाना के बच्चों की भी मुफ्त इलाज

आयुष्मान भारत योजना के तहत कैंसर का इलाज भले ही मुफ्त हो, लेकिन बीमारी की शुरुआती जांच आज भी कई परिवारों के लिए सबसे बड़ी परेशानी है। इसी कारण आर्थिक तंगी के कारण कई परिवार बच्चे की समय पर जांच नहीं करवा पाते और कैंसर गंभीर अवस्था में पहुंच जाता है। इसी समस्या को देखते हुए छत्तीसगढ़ में निरामय कैंसर फाउंडेशन ने गरीबी रेखा से नीचे आने वाले बच्चों के लिए एम्स रायपुर में निशुल्क कैंसर जांच कार्यक्रम शुरू किया है। इस पहल के अंतर्गत कैंसर की आशंका वाले बच्चों की पूरी जांच बिल्कुल मुफ्त करवाई जा रही है, ताकि किसी बच्चे को पैसों की कमी के कारण इलाज से वंचित न रहना पड़े। फाउंडेशन की पहल से पिछले 8 सप्ताह में 35 बच्चों की कैंसर जांच पूरी तरह निशुल्क करवाई जा चुकी है। इनमें अधिकांश बच्चे बस्तर, सरगुजा, जशपुर जैसे दूरस्थ इलाकों से हैं। इसके साथ ओडिशा और तेलंगाना के बच्चों की भी मुफ्त जांच की गई है। जांच पर 7 हजार से 25 हजार तक खर्च निरामय कैंसर फाउंडेशन की संचालिका सुदेशना रुहान ने बताया कि कैंसर इलाज तभी सफल होता है, जब बीमारी की पहचान शुरुआती चरण में हो जाए। लेकिन जांच का खर्च कई परिवारों को पीछे धकेल देता है। बीपीएल कार्ड धारकों के लिए आयुष्मान कार्ड 5 लाख रुपए तक इलाज का खर्च उठाता है, लेकिन शुरुआती जांच इसके अंतर्गत नहीं आती। कई जरूरी जांच रायपुर एम्स में उपलब्ध नहीं होती, जिस कारण बाहर की लैब में जांच करानी पड़ती है।जांच महंगी होती, जिसमें बल्ड टेस्ट से लेकर बायोप्सी और पेट स्कैन तक शामिल हैं। बच्चों की जांच का खर्च फाउंडेशन उठा रहा सुदेशना रुहान ने कहा कि इसी वजह से निरामय कैंसर फाउंडेशन सारदा एनर्जी लिमिटेड की मदद से बच्चों की जांच का पूरा खर्च उठा रहा है। उद्देश्य साफ है कि छत्तीसगढ़ में कोई बच्चा सिर्फ महंगे जांच खर्च की वजह से इलाज से वंचित न रहे। समाज से सहयोग की अपील सुदेशना रुहान ने बताया कि छत्तीसगढ़ में कैंसर को लेकर जागरूकता की कमी अभी भी बनी हुई है। यह समस्या सिर्फ ग्रामीण इलाकों तक सीमित नहीं है, बल्कि शहरी क्षेत्रों में भी दिखाई देती है।महाराष्ट्र, तमिलनाडु, दिल्ली जैसे राज्यों की तुलना में छत्तीसगढ़ में सामाजिक सहभागिता और फंडिंग कम है। इसी कारण कई पहलें सीमित संसाधनों में चलाई जा रही हैं। निरामय कैंसर फाउंडेशन ने औद्योगिक समूहों, सामाजिक संस्थाओं और आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस तरह की पहलों में सहयोग करें, ताकि बच्चों को समय पर जांच और इलाज मिल सके। तीन सालों से कैंसर रोकथाम की दिशा में काम निरामय कैंसर फाउंडेशन पिछले तीन सालों से छत्तीसगढ़ को कैंसर मुक्त बनाने की दिशा में लगातार काम कर रहा है। संस्था सर्वाइकल कैंसर जागरूकता अभियान, कैंसर मरीजों के लिए पोषण सहायता, एम्स रायपुर में बच्चों की निशुल्क जांच जैसे कई कार्यक्रम संचालित कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *