उमरिया जिले में मंगलवार रात को नेशनल हाईवे-43 पर सड़क हादसा हुआ। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सिविल लाइन चौकी के राजवीर ढाबा के पास लोहारगंज मोड़ पर तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने एक कार को टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान चंदिया निवासी अतुल अग्रवाल के रूप में हुई है। कार में सवार प्रभात अग्रवाल और राजेंद्र चतुर्वेदी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए कटनी रेफर किया गया है। पिकअप चालक को भी चोटें आई हैं। घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप (क्रमांक MP 04 YC 4651) और कार (क्रमांक MP 65 C 0616) दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के समय ढाबे पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।


