कमरोरा गांव में सोमवार दोपहर दो हत्याओं ने पूरे इलाके को दहला दिया। 20 साल की युवती खेत पर अपने भाई को खाना देने जा रही थी। रास्ते में गांव के ही प्रकाशसिंह (25) पिता बल्लू भिलाड़ा ने युवती से जबरदस्ती की कोशिश की। युवती ने विरोध किया, शोर मचाया तो आरोपी ने धारदार हथियार से उसके चेहरे और गर्दन पर कई वार किए। युवती की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी भाग गया। खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। उन्होंने आरोपी को पकड़कर जमकर पिटाई की, जिससे आरोपी की भी मौत हो गई। पुलिस ने अब तक इस दोहरे हत्याकांड में छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें मृतक युवती के दो चाचा और भाई शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी युवक गांव का ही रहने वाला था। युवती रोज की तरह खेत पर खाना देने जा रही थी, तभी यह वारदात हुई। 12वीं तक पढ़ी थी
मृतक युवती 12वीं तक पढ़ी थी। आरोपी और युवती दोनों के घर गांव में आसपास ही बने थे और दोनों एक ही समाज से थे। दो जिंदगियों के खत्म होने के बाद पूरे गांव में सन्नाटा और डर का माहौल है। इधर, एएसपी कमलेश खरपुसे ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि पूरे मामले की निष्पक्ष और गहराई से जांच की जाए। दो दिन पहले ही गांव आया था आरोपी : प्रकाशसिंह भिलाड़ा ट्रक ड्राइवर था और ज्यादातर समय बाहर रहता था। दो दिन पहले ही वह गांव आया था। उसकी शादी नहीं हुई थी। ग्रामीणों के मुताबिक घटना वाले दिन उसे खेत वाले रास्ते पर घूमते देखा गया था। जिस ट्रक को वह चलाता था, उसी में उसका शव गांव लाया गया।


