जैसलमेर में दिन गर्म, सुबह-शाम ठिठुरन:पारा 26 डिग्री के पार, बादलों की आवाजाही के बीच तापमान बढ़ा

जैसलमेर में मंगलवार को मौसम ने एक बार फिर करवट ली। सीमावर्ती जिले में सक्रिय हुए नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिनभर आसमान में बादलों और धूप के बीच आंखमिचौली चलती रही। बादलों की मौजूदगी के कारण धूप के तेवर भले ही नरम रहे, लेकिन इसके बावजूद अधिकतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं बुधवार सुबह आसमान साफ नजर आया, लेकिन ठंडी हवाओं ने लोगों को गर्म कपड़ों में लिपटे रहने पर मजबूर कर दिया। दिनभर बादलों की आवाजाही, शाम होते ही बढ़ी ठंड मंगलवार सुबह से ही जैसलमेर के आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही। कई बार घने बादल छा गए, जिससे सूर्यदेव के दर्शन दुर्लभ रहे। बादलों की ओट में दिन के समय हल्की ठंडक बनी रही, लेकिन शाम ढलते ही सर्द हवाओं ने जोर पकड़ लिया। इसके चलते खुले इलाकों में ठिठुरन का असर ज्यादा महसूस किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक रहा। इसके बावजूद हवा में नमी और ठंडी हवाओं के कारण गर्मी का अहसास नहीं हो पाया। दिन-रात के तापमान में 15 डिग्री का अंतर, सेहत पर पड़ सकता है असर जिले में दिन और रात के तापमान के बीच बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.3 डिग्री अधिक रहा। इस तरह दिन और रात के तापमान में करीब 15 डिग्री का अंतर दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि तापमान में इतना अधिक अंतर स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है, खासकर बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। हालांकि बीते कुछ दिनों से रात के तापमान में स्थिरता आने से कड़ाके की ठंड से राहत जरूर मिली है। अब ठंड का असर मुख्य रूप से सुबह और देर रात के समय ही महसूस किया जा रहा है। आगे भी बादल रहेंगे सक्रिय, हवाएं बनाए रखेंगी ठंडक मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से हवा की दिशा में बदलाव आया है। इसका असर आने वाले कुछ दिनों तक देखने को मिल सकता है। जिले में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है। हालांकि दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी जारी रह सकती है, लेकिन ठंडी हवाओं के चलते मौसम में ठंडक बनी रहेगी। लोगों को सुबह और रात के समय सतर्क रहने और गर्म कपड़ों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *