गेवरा-दीपका | वोटिंग के दिन भी एसईसीएल दीपका के कोयला कर्मियों को कंपनी मुख्यालय में ट्रेनिंग लेने संबंधी शेड्यूल तय किया है। इस पर कर्मचारियों ने सवाल उठाए हैं। ऐसे में इन कर्मियों को 11 फरवरी को मतदान के दिन मताधिकार का प्रयोग करने या फिर ट्रेनिंग में से किसी एक का चयन करने की नौबत आ गई है। तीन दिनी सेवानिवृत्त योजना पर प्रशिक्षण कार्यक्रम एसईसीएल बिलासपुर मुख्यालय में 10 से 12 फरवरी तक आयोजित है। उक्त अवधि के बीच ही 11 फरवरी को निकाय चुनाव की वोटिंग होना है। कर्मचारियों का कहना है कि वोटिंग को ध्यान में रखते हुए ट्रेनिंग की शेड्यूल तय करना था। ट्रेनिंग के लिए चयनित कर्मियों ने कहा है कि ट्रेनिंग के समय में बदलाव किया जाए, ताकि वे अपने संवैधानिक कर्तव्य का पालन कर सकें।


