डिग्गी में पानी लेने के दौरान संतुलन बिगड़ने से गिरे पिता को डूबता देख 2 बेटे उन्हें बचाने के लिए कूद गए। इस दौरान तीनों की डिग्गी में डूब गए और तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
यह हादसा हनुमानगढ़ जिले के संगरिया थाना इलाके के रासूवाला गांव में मंगलवार शाम को हुआ। पड़ोसी खेत की डिग्गी में डूबे तीनों
दरअसल चक 7 आईडीजी रोही रासूवाला निवासी गुरदीप सिंह (40) अपने बेटे लखविंद्र सिंह (22) और राजविंद्र सिंह (16) के साथ 7 पीटीपी (रोही इंद्रगढ़) में अपने खेत में फसलों पर स्प्रे करने गए थे। स्प्रे के लिए पानी लेने के दौरान वे पड़ोसी जसवीर सिंह की डिग्गी के पास पहुंचे। इसी दौरान गुरदीप सिंह का संतुलन बिगड़ गया और वह डिग्गी में गिर गए। तीनों की मौके पर ही मौत
उन्हें बचाने के प्रयास में दोनों बेटे लखविंद्र और राजविंद्र भी डिग्गी में उतर गए। डिग्गी में रैंप या सुरक्षित निकास व्यवस्था नहीं होने के कारण तीनों बाहर नहीं निकल पाए। कुछ ही पलों में यह संघर्ष मौत में बदल गया और तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। देर तक घर नहीं पहुंचे तो लोगों ने तलाश
घटना के समय खेत के आसपास कोई अन्य किसान मौजूद नहीं था। जब तीनों कई घंटों तक घर नहीं लौटे, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। रात करीब 8 बजे ग्रामीण खेतों की ओर पहुंचे। डिग्गी के पास टोपी, बेल्ट, कपड़े और चप्पल जैसे सामान देखकर उन्हें घटना का अंदेशा हुआ। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे
ग्रामीणों ने रस्सियों और अन्य साधनों की मदद से डिग्गी से शवों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। देर रात तक शवों को संगरिया के सरकारी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। बुधवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पूरे गांव में पसरा मातम
इधर एक ही परिवार में एक साथ 3 मौत होने वाले इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। गुरदीप सिंह के भाई जसवीर सिंह ने संगरिया थाने में मामला दर्ज करवाया है।


