जयपुर में युवक पर फायरिंग करने के मामल में हिस्ट्रीशीटर रवि मेहरा और उसके साथी राहुल को पुलिस ने देर रात पकड़ लिया। दोनों बदमाशों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वे लंबे समय से फरार चल रहे थे। डीसीपी (नॉर्थ) करन शर्मा ने बताया कि देर रात पुलिस टीम ने दोनों बदमाशों की लोकेशन के आधार पर घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान दोनों आरोपियों ने पुलिस को चकमा देकर भागने का प्रयास किया। लेकिन इसी कोशिश में रवि मेहरा के पैर में फ्रैक्चर हो गया, जबकि उसका साथी राहुल भी घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों को काबू में लेकर हॉस्पिटल में भर्ती कराया। इलाज पूरा होने के बाद दोनों की विधिवत गिरफ्तारी की जाएगी। इससे पहले प्रशासन की ओर से हिस्ट्रीशीटर रवि मेहरा के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उसके मकान पर बुलडोजर चलाया गया था। 23 जनवरी को दोपहर करीब 12:30 बजे ब्रह्मपुरी के गंगापोल इलाके में स्थित रवि मेहरा के मकान पर अवैध निर्माण को लेकर कार्रवाई की गई थी। जांच में सामने आया था कि आरोपी ने मकान की तय सीमा से करीब 7 फीट अधिक अवैध निर्माण कर रखा था। पुलिस जाब्ते की मौजूदगी में प्रशासन ने इस अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। डीसीपी करन शर्मा के अनुसार, गंगापोल निवासी रवि मेहरा (25) हत्या के प्रयास के मामले में वांटेड चल रहा था। वह सुभाष चौक थाने का हिस्ट्रीशीटर है। करीब 16 दिन पहले उसने अपने पड़ोसी बबलू महावर (30) के पैर में गोली मार दी थी, जिसके बाद से वह फरार हो गया था। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थीं। 19 जनवरी की घटना से फैली थी दहशत मामला 19 जनवरी सुबह करीब 9 बजे का है। बबलू अपने घर के बाहर बैठा था। इस दौरान रवि मेहरा अपने साथी के साथ बाइक पर वहां पहुंचा था। बबलू के चचेरे भाई अजय पर गोली चला दी थी। अजय समय रहते निशाने से हट गया, लेकिन गोली बबलू को जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, रवि मेहरा पर ब्रह्मपुरी थाने में 15 और सुभाष चौक थाने में 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से संगीन अपराधों में लिप्त रहा है। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर फायरिंग की वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार, आपराधिक नेटवर्क और अन्य मामलों से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में कई अहम खुलासे होने की संभावना है।


