IG बालाजी राव ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में किया संवाद:राजनांदगांव पुलिस का ‘विश्वास’ अभियान, ग्रामीणों को बांटे बर्तन और खेल सामग्री

राजनांदगांव रेंज के नवनियुक्त पुलिस महानिरीक्षक बालाजी राव ने मंगलवार को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले का अपना पहला दौरा किया। इस दौरान उन्होंने घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। मदनवाड़ा क्षेत्र के ग्राम मुचर में आयोजित सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम में आईजी ने ग्रामीणों से आत्मीय चर्चा की। इस अवसर पर सार्वजनिक कार्यक्रमों में भोजन परोसने के लिए ग्रामीणों को बर्तनों के सेट भेंट किए गए। साथ ही, स्कूली बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास को प्रोत्साहित करने के विए उन्हें खेल सामग्री भी बांटी गई। नक्सलियों को मुख्यधारा में लौटने की कही बात आईजी ने राज्य सरकार की नक्सल आत्मसमर्पण नीति की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यधारा में लौटने के इच्छुक व्यक्ति आईटीबीपी कैंप, थाना, एसपी कार्यालय या सीधे आईजी कार्यालय में आत्मसमर्पण कर सकते हैं। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि पुलिस उनकी दोस्त है और किसी भी समस्या के समाधान के लिए बिना किसी भय के नजदीकी सुरक्षा कैंप में संपर्क करें। क्षेत्रीय दौरे के दौरान आईजी ने थाना अंबागढ़ चौकी, मदनवाड़ा, सीतागांव और कोहका का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और जवानों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और विषम परिस्थितियों में उनकी कर्तव्यनिष्ठा की सराहना कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अभियान में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह, आईटीबीपी कमांडेंट बुद्धि प्रकाश बडाया और एसडीओपी मानपुर विनोद कुमार मिंज सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों (जनपद सदस्य व सरपंच) ने पुलिस के इस मानवीय दृष्टिकोण और विश्वास बहाली के प्रयासों की प्रशंसा की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *