भास्कर न्यूज| बैकुंठपुर भाजपा की केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा को कमजोर करने के विरोध में कांग्रेस ने मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत जिले में व्यापक आंदोलन किया। इस क्रम में ग्राम छिंदडांड में आयोजित आमसभा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता, ग्रामीण और श्रमिक सैकड़ों की संख्या में एकजुट होकर जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और घेराव कर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कहा भाजपा सरकार मनरेगा के अधिकार आधारित स्वरूप को समाप्त कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि न तो समय पर काम मिल रहा है और ना ही मजदूरी की गारंटी है। भुगतान में लगातार देरी हो रही है और बढ़ती महंगाई के मुकाबले मजदूरी दर बेहद कम है। कांग्रेस ने मनरेगा श्रमिकों के लिए न्यूनतम 400 प्रतिदिन मजदूरी सुनिश्चित करने की मांग की। नेताओं ने पंचायतों और ग्राम सभाओं के अधिकारों में कटौती को लोकतंत्र पर हमला बताया और ठेकेदारी प्रथा को बढ़ावा देकर श्रमिकों के शोषण का आरोप लगाया। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि मनरेगा को उसके मूल स्वरूप में बहाल किए बिना संघर्ष समाप्त नहीं होगा। आंदोलन में पूर्व विधायक गुलाब कमरों, अंबिका सिंहदेव सहित अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और दूर-दराज से आए हजारों ग्रामीण शामिल हुए।


