सुशासन को मजबूत करने और प्रशासन की पहुंच आमजन तक सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर डीग ने पंचायत समिति पहाड़ी की ग्राम पंचायत तिलकपुरी में रात्रि चौपाल का आयोजन किया। इस दौरान जिला कलेक्टर ने ग्रामीणों की समस्याओं और अभाव-अभियोगों को सुना। उन्होंने मौके पर मौजूद विभिन्न विभागीय अधिकारियों को परिवादों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। रात्रि चौपाल में मुख्य रूप से पेयजल, विद्युत आपूर्ति और बुनियादी ढांचे से जुड़े प्रकरण सामने आए। चंबल परियोजना के तहत जलापूर्ति सुनिश्चित करने के संबंध में प्राप्त परिवादों पर जिला कलेक्टर ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को क्षेत्र में पेयजल वितरण सुचारू बनाने के निर्देश दिए। इसी प्रकार, विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा विद्युत बिल भुगतान से जुड़ी विसंगतियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए। चौपाल में केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा भी की गई। जिला कलेक्टर ने प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत पात्र परिवारों को लाभान्वित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा। स्थानीय नागरिकों ने श्मशान घाट की चारदीवारी के निर्माण, पानी निकासी की उचित व्यवस्था और जमीन आवंटन से जुड़े मामलों पर भी चर्चा की। इन विषयों पर संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मौका-मुआयना कर प्रस्ताव तैयार करने और नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई करने के लिए पाबंद किया गया। जिला कलेक्टर ने मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट किया कि रात्रि चौपाल का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि उनका वास्तविक समाधान करना है। उन्होंने कहा कि जनहित के कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अधिकारी संवेदनशीलता के साथ आमजन को राहत प्रदान करें। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद सहित विभिन्न जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


