ओपन यूनवर्सिटी करवाएगी पीटीईटी परीक्षा:राज्य सरकार ने जारी किया आदेश, तीसरी बार ओपन यूनवर्सिटी को जिम्मेदारी

वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय 2026-27 सत्र के लिए पीटीईटी परीक्षा का आयोजन कराएगा। यह लगातार तीसरी बार परीक्षा आयोजन कराने वाली यूनवर्सिटी बनी है। यूनिवर्सिटी के कुलगुरू प्रोफेसर बीएल वर्मा ने बताया कि 3 फरवरी को उच्च शिक्षा विभाग ग्रुप-4 से प्राप्त पत्र में सभी दिशा-निर्देश प्रदान किए गए हैं। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि बीती दोनों परीक्षाएं पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाने से यूनिवर्सिटी की छवि अच्छी बनी है और सरकार को भरोसा हुआ है जिसके चलते इस बार फिर से पीटीईटी परीक्षा कराने की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने कहा कि वीएमओयू के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों के अलावा राज्य के महाविद्यालयों के स्टाफ के अलावा राज्य सरकार के अधिकारियों और जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों के चलते ये परीक्षा अच्छे से संपन्न हो सकी है। इस परीक्षा के बाद दो साल के बीएड और चार साल के बीए बीएड/बीएससी बीएड में प्रवेश दिए जाएंगे। कुलगुरू प्रोफेसर वर्मा ने बताया कि जल्द ही आवेदन की प्रक्रिया शुरू की जा रही है और पूरी नियमावली को यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर डाला जाएगा। गौरतलब है कि साल 2024 में पहली बार पीटीईटी परीक्षा की जिम्मेदारी वीएमओयू को मिली थी जिसमें 4 लाख 28 हजार 242 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। उसके बाद वर्ष 2025 की पीटीईटी परीक्षा में भी 2 लाख 82 हजार अभ्यर्थियों ने परीक्षा के लिए आवेदन किया था। पीटीईटी (प्री-टीचर एजूकेशन टेस्ट) राजस्थान के स्कूलों में शिक्षक बनने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए आयोजित एक राज्य-स्तरीय शिक्षक पात्रता परीक्षा है। राज्य के 41 जिलों में इस परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *