भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों ने बारां में जिलाध्यक्ष अमृत छजावा के नेतृत्व में जिला कलेक्टर से मुलाकात कर विभिन्न मांगों को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। संघ के उपाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण शर्मा ने बताया कि बारां जिले में इस वर्ष गेहूं, चना और सरसों की पर्याप्त बुवाई हुई है। हालांकि, खरीद पोर्टल पर किसानों का पंजीयन नहीं हो पा रहा है, क्योंकि जमाबंदी और जन आधार में मिलान नहीं हो रहा है, जिससे पंजीयन की संख्या काफी कम है। उन्होंने यह भी बताया कि इस वर्ष अतिवृष्टि के कारण खरीफ की पूरी फसल नष्ट हो गई थी, जिससे किसानों को नाममात्र का उत्पादन मिला और भारी आर्थिक नुकसान हुआ। कम पंजीयन के कारण किसानों की फसल खरीद होना असंभव लग रहा है। संघ ने सरकार से गेहूं खरीद मूल्य बढ़ाने की भी मांग की। पदाधिकारियों के अनुसार चुनाव के समय सरकार ने 2700 रुपए प्रति क्विंटल गेहूं खरीदने का वादा किया था, जबकि पिछले वर्ष 2585 रुपए प्रति क्विंटल पर खरीद हुई थी। इस वर्ष भी केवल न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित किया गया है, जिससे किसानों को दोहरा नुकसान होगा। संघ ने 200 रुपए बोनस देकर 2785 रुपए प्रति क्विंटल की दर से गेहूं खरीद की मांग की। इसके अतिरिक्त किसानों ने अपनी फार्मर आईडी को पुरानी आईडी के साथ जोड़ने की मांग की, जो बाद में ऑनलाइन हुई थी। जिला कलेक्टर ने आश्वासन दिया कि 1.78 लाख पंजीकृत किसानों में से 1.26 लाख को आपदा राहत राशि मिल चुकी है, और शेष किसानों को भी जल्द मुआवजा दिलाया जाएगा। संघ ने परवन वृहद सिंचाई परियोजना के धीमी गति से चल रहे कार्य पर भी चिंता व्यक्त की और इसे शीघ्रता से पूरा करने की मांग की। इस पर जिला कलेक्टर ने परियोजना के कार्य में तेजी लाने का आश्वासन दिया। छीपाबडौद, कवाई के 80 गांव, खानपुर के 5 गांव, इन 85 गांवों को 18 हजार हैक्टेयर भूमि को महलपुर डेम से पानी दिया जाए। कृषि जिंस को धर्म कांटे से तोलने, बरनी और डूबराज डेम से नाहरगढ क्षेत्र को पानी देने की मांग की। बारां जिले के खरीद केंद्र अटरू, कवाई, मोठपुर, अर्डांद, बारां तहसील में बामला कोयला, किशनगंज में नाहरगढ, भंवरगढ, जलवाडा, शाहाबाद में कस्बाथाना, छीपाबडौद में हरनावदा, अजनावर, सारथल,छबडा में जैपला, अंता में बडवा, जयनगर, मांगरोल में रायथल में केंद्र खोलने की मांग की है। वार्ता व ज्ञापन देने के दौरान अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य कैलाश गंदोलिया, प्रांत अध्यक्ष शंकरलाल नागर, संभाग मंत्री भूपेंद्र शर्मा, उपाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण शर्मा, जिला मंत्री देवकिशन नागर, शत्रुघ्न यादव, उपाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण शर्मा समेत संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।


