राजकीय बांगड़ कॉलेज पाली में एबीआरएसएम राजस्थान (उच्च शिक्षा) की कॉलेज इकाई की ओर से राजसेस कॉलेजों में टीचिंग एसोसिएट की संविदा आधारित भर्ती के निर्णय के विरोध में बुधवार को काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया गया। संगठन ने इस निर्णय को राष्ट्रीय शिक्षा नीति की भावनाओं के विपरीत बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया।
एबीआरएसएम की मांग है कि राजसेस कॉलेजों को सामान्य कॉलेजों में परिवर्तित किया जाए। राजसेस कॉलेजों के संबंध में सोडाणी कमेटी की रिपोर्ट को लागू किया जाए तथा राजस्थान अधीनस्थ कर्मचारी चयन बोर्ड के माध्यम से अस्थाई टीचिंग एसोसिएट की संविदा आधारित भर्ती कराने के बजाय स्थाई एवं नियमित भर्ती प्रक्रिया से सभी शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक पदों को भरा जाए।
विरोध प्रदर्शन के बाद प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम अतिरिक्त जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया।
इस अवसर पर पाली विभाग सह संयोजक देवाराम, अनुपम चतुर्वेदी, जिलाध्यक्ष दीप्ति चतुर्वेदी, प्रचार प्रमुख श्रवण सिंह राजपुरोहित, महाविद्यालय प्राचार्य महेंद्र सिंह राजपुरोहित, संतोष त्रिपाठी, मुकेश सांखला, जसवंत सिंह, योगेंद्र सिंह, दिनेश यादव सहित समस्त संकाय सदस्य उपस्थित रहे।


