कांकेर जिले की चारामा पुलिस ने सट्टा खिलाने वाले खाईवाल को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में आरोपी के पास से मोबाइल फोन, नकदी और हजारों रुपए की सट्टा-पट्टी जब्त की गई। कांकेर साइबर सेल ने आरोपी को पकड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस को 27 जनवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चारामा के वार्ड क्रमांक 04 शीतलापारा में एक व्यक्ति पान ठेले के पास अंकों पर पैसे का दांव लगाकर सट्टा लिख रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और परमेश्वर यादव को गिरफ्तार किया। उसके पास से सट्टा लिखी पर्ची, डॉट पेन और 2330 रुपए नकद जब्त किए गए। पूछताछ के दौरान परमेश्वर यादव ने खुलासा किया कि वह यह सट्टा नरू सेठ उर्फ नरेश बच्छाणी के कहने पर लिख रहा था, जो बंगलापारा चारामा का निवासी है। आरोपी पुलिस से बचने रायपुर में छिपा था इस जानकारी के बाद पुलिस ने 3 फरवरी 2026 को कार्रवाई करते हुए नरू सेठ उर्फ नरेश बच्छाणी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पुलिस से बचने के लिए रायपुर में छिप गया था, जिसे कांकेर साइबर सेल की मदद से ढूंढ निकाला गया। आरोपी के कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल, नकदी रकम और हजारों रुपए की सट्टा-पट्टी बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि की जानकारी अपराध हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।


