बलौदाबाजार पुलिस ने लौटाए 417 गुम मोबाइल:’समाधान’ अभियान से 63 लाख रुपए के फोन मालिकों को मिले, साइबर ठगी को लेकर किया गया जागरूक

बलौदाबाजार जिला पुलिस ने अपने विशेष अभियान ‘समाधान’ के तहत 417 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन फोनों का अनुमानित मूल्य 63 लाख रुपए है। बुधवार को पुलिस कम्युनिटी हॉल में आयोजित एक कार्यक्रम में ये फोन उनके मालिकों को सौंप दिए गए। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने इस उपलब्धि पर बात करते हुए बताया कि यह कार्रवाई राज्य शासन के निर्देशों के अनुरूप नागरिक-केंद्रित पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। शासन का निर्देश है कि आम जनता की हर समस्या को गंभीरता से लिया जाए और उसका त्वरित समाधान किया जाए। इसी उद्देश्य से ‘समाधान अभियान’ चलाया गया। मोबाइल गुम होते ही तुरंत करें शिकायत: एएसपी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने इस अवसर पर आम जनता से अपील की। उन्होंने कहा कि जैसे ही किसी का मोबाइल फोन गुम या चोरी हो, वह तुरंत नजदीकी थाने में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराए। तत्काल रिपोर्ट मिलने से पुलिस के लिए फोन को ट्रैक करना, सबूत जुटाना और उसे जल्द बरामद करना आसान हो जाता है। उन्होंने आगे बताया कि देरी करने पर अपराधी फोन को दूसरे शहर या राज्य में पहुंचा सकते हैं, जिससे खोजने में कठिनाई आती है। त्वरित शिकायत से पुलिस को तुरंत कार्रवाई का अवसर मिलता है। साइबर ठगी को लेकर लोगों को किया गया जागरूक इस अभियान की सफलता का श्रेय अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह और साइबर थाना प्रभारी प्रणाली वैद्य के नेतृत्व वाली टीम को दिया जाता है। प्रणाली वैद्य ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को साइबर ठगी के बढ़ते खतरों के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने बताया कि चोरी हुए मोबाइल का इस्तेमाल अक्सर साइबर अपराधों में किया जाता है, जैसे फर्जी कॉल, ऑनलाइन धोखाधड़ी या अवैध लेनदेन। प्रणाली वैद्य ने डिजिटल सतर्कता की आवश्यकता पर जोर देते हुए सलाह दी कि किसी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी किसी के साथ साझा न करें और संदिग्ध एप्लिकेशन डाउनलोड न करें। यह केवल फोन की भौतिक सुरक्षा ही नहीं, बल्कि डिजिटल सुरक्षा के लिए भी महत्वपूर्ण है। कई राज्यों से ढूंढ़कर लाए 417 चोरी-गुम मोबाइल बरामद किए गए 417 मोबाइल फोन सिर्फ बलौदाबाजार जिले से ही नहीं, बल्कि राज्य के अन्य जिलों जैसे जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, महासमुंद, रायपुर से लेकर महाराष्ट्र, झारखंड, ओडिशा, मध्य प्रदेश और बिहार जैसे अन्य राज्यों से भी ढूंढ़कर लाए गए हैं। यह पुलिस की दूसरी बड़ी सफलता है, पिछले साल 2025 में भी उन्होंने 96 लाख रुप, के 640 मोबाइल वापस कराए थे। इस कार्यक्रम में एसडीओपी बलौदाबाजार अपूर्वा क्षत्रिय भी उपस्थित थीं। पुलिस की इस पहल से नागरिकों ने खुशी जताई और उनका आभार व्यक्त किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *