बुरहानपुर पुलिस ने साइबर अपराधों से आम नागरिकों को सुरक्षित रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाया। कमल चौक पर रविवार शाम 7 बजे से देर रात तक चले इस कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से साइबर ठगी के अलग-अलग तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। अभियान के प्रभारी एएसपी अंतरसिंह कनेश ने बताया कि स्मार्टफोन के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर सुरक्षा की जागरूकता बहुत जरुरी हो गई है। उन्होंने खुलासा किया कि अधिकांश साइबर अपराधी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से ही अपने शिकार की जानकारी इकट्ठा करते हैं और फिर उसका दुरुपयोग ठगी और डिजिटल अपराधों में करते हैं। जागरूकता वीडियो से कर रहे जागरूक
पुलिस विभाग ने इस अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए छोटे-छोटे जागरूकता वीडियो भी तैयार किए हैं, जिन्हें सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है। साथ ही, शहर के अलग-अलग थाना स्तरों पर कार्यशालाएं और जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। ‘संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत रिपोर्ट करें’
ये सेफ क्लिक अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत पुलिस नागरिकों को साइबर ठगी से बचने के लिए सावधानियां बरतने और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत रिपोर्ट करने की सलाह दे रही है। नुक्कड़ नाटक में दिखाया गया कि कैसे धोखेबाज फोन कॉल के माध्यम से लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं और उनकी व्यक्तिगत जानकारी का दुरुपयोग करते हैं।


