उज्जैन के पीपली बाजार में एक रिटायर्ड प्रिंसिपल रमाशंकर शर्मा (87) की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना बुधवार दोपहर करीब 2 बजे हुई। जब शर्मा अपनी बेटी के घर जा रहे थे। उनकी पत्नी का चार माह पहले ही देहांत हुआ था। पुलिस के अनुसार, आरोपी मोहन सिंह (52) गली में लाठी लेकर बैठा था। उसने अचानक रमाशंकर शर्मा पर हमला कर दिया। उनके सिर पर कई वार किए गए। जिससे वे वहीं गिर पड़े। पड़ोसियों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया और तत्काल एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। मृतक के रिश्तेदार रामा गुरु ने बताया कि रमाशंकर शर्मा ने ही आरोपी मोहन सिंह को पढ़ाया था। आरोपी को पुलिस ने रस्सी से बांधकर रखा घटना के बाद पुलिस को आरोपी मोहन सिंह को काबू करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। उसे रस्सियों से बांधकर हिरासत में लिया गया। पड़ोसियों ने बताया कि आरोपी मोहन सिंह की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। उसके माता-पिता चार साल पहले डर के कारण उसे छोड़कर चले गए थे, और उसका भाई केवल उसे खाना देता था। स्थानीय लोगों के अनुसार, मोहन अक्सर गली से गुजरने वालों पर लाठी लेकर हमला करने दौड़ता था, जिसके कारण लोग अपने दरवाजे बंद रखते थे और बच्चे गली में निकलने से डरते थे। पहले भी लोगों पर किया था हमला क्षेत्रवासियों ने मोहन को मंदबुद्धि बताया और कहा कि उसने पहले भी दो बार स्थानीय लोगों पर हमला किया था। एक बार उसकी जेब में रखा देशी कट्टा भी चल गया था, जिससे वह घायल हो गया था। इन तीनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज किया था। जांच के बाद पता चलेगा आरोपी विक्षिप्त है या नहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) आलोक शर्मा ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि आरोपी विक्षिप्त है या नहीं।


