आदर्श प्रजापति समाज 16 फरवरी( रविवार) को गांधी भवन भोपाल में 13वां परिचय सम्मेलन का आयोजन करने जा रहा है, जिसमें विधवा, विदुर, दिव्यांग और तलाकशुदा व्यक्तियों को नई जीवन शुरुआत का अवसर दिया जाएगा। समाज के प्रदेशाध्यक्ष ठाकुरदास प्रजापति के अनुसार, इस कार्यक्रम में अब तक 68 युवक-युवतियों ने पंजीकरण करवाया है। पंजीकरण की सुविधा ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध है, साथ ही कार्यक्रम स्थल पर भी रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था रहेगी। इस वर्ष के सम्मेलन की विशेष बात यह है कि इसमें बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के मेधावी छात्रों को भी सम्मानित किया जाएगा। साथ ही समाजसेवियों के योगदान को भी मान्यता दी जाएगी। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश और राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों से समाज के लोगों के शामिल होने की पुष्टि हुई है। इनमें अजमेर, नीमच, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, सागर, विदिशा, बीना, होशंगाबाद समेत 30 से अधिक स्थानों से प्रतिनिधि भाग लेंगे।


