धनबाद के भूली थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। भूली ओपी पुलिस ने सी ब्लॉक निवासी रवि सिंह को गांजा की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 85 पुड़िया में पैक किया गया कुल 300 ग्राम गांजा बरामद किया गया। भूली ओपी प्रभारी अभिनव कुमार ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। क्षेत्र में गांजे की बिक्री की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी की दुकान पर छापेमारी की, जहां से मादक पदार्थ बरामद हुआ। जांच में पता चला है कि आरोपी रवि सिंह पहले भी मादक पदार्थों की बिक्री में संलिप्त रह चुका है। कुछ समय बाद उसने फिर से यह अवैध धंधा शुरू कर दिया था। पुलिस ने बताया कि बरामद गांजे की कीमत हजारों रुपए है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है।


