पलामू में मंगलवार से शुरू होने वाली मैट्रिक और इंटर की परीक्षाओं को लेकर प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। प्रश्नपत्र लीक नहीं हो इसे देखते हुए पुलिस ने परीक्षा से 24 घंटे पहले कोचिंग संस्थानों पर छापेमारी की। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देवव्रत पोद्दार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मेदिनीनगर में छह कोचिंग संस्थानों के कंप्यूटर और दस्तावेजों की जांच की।, हालांकि कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली। इस वर्ष मैट्रिक में 34,665 और इंटरमीडिएट में 32,597 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। 11 फरवरी से 3 मार्च तक चलने वाली परीक्षाओं के लिए सदर अनुमंडल में 50 और हुसैनाबाद में 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर सभी परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में धारा 144 लागू की गई है। प्रत्येक परीक्षा दिवस पर सुबह 7:45 बजे से शाम 7:20 बजे तक निषेधाज्ञा प्रभावी रहेगी। इस दौरान परीक्षा केंद्रों की परिधि में केवल परीक्षार्थी, वीक्षक, प्रतिनियुक्त अधिकारी और पुलिस बल को ही प्रवेश की अनुमति होगी। किसी भी व्यक्ति को घातक हथियार या लाठी लेकर इस क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। थाना प्रभारी पोद्दार ने बताया कि परीक्षा समाप्ति तक कोचिंग संस्थानों और संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।


