आदित्यपुर में भाजपा नेत्री से मारपीट:रात 10 बजे कार सवार 2 युवक-युवतियों ने रोका रास्ता, भाजपाइयों ने की कार्रवाई की मांग

झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। भाजपा नेत्री सुनीता पासवान के साथ रात करीब 10 बजे कार सवार दो युवक और दो युवतियों ने न सिर्फ मारपीट की, बल्कि उनका सोने का कान का रिंग भी छीन लिया। घटना उस समय हुई, जब सुनीता अपनी मां को खाना खिलाकर अपने भाई और बेटी के साथ स्कूटी से लौट रही थीं। पान दुकान चौक के पास रिलायंस फ्रेश के निकट कार सवार युवक-युवतियों ने उन्हें रोका और मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। स्थानीय लोगों की मदद से आरोपियों को पकड़कर थाने लाया गया, लेकिन पुलिस ने चारों को छोड़ दिया। सोमवार को भाजपा कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल आदित्यपुर थाने पहुंचा। भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष रितिका मुखी ने कहा कि जब एक जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं है, तो आम लोगों की सुरक्षा की क्या गारंटी है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना में जाति सूचक शब्दों का प्रयोग कर सुनीता का अपमान भी किया गया। भाजपा नेताओं ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। प्रतिनिधिमंडल में राकेश मिश्रा, राकेश सिंह, संजय सरदार, अशोक सिंह, संजीव पासवान, जूजू और सावन गुप्ता सहित अन्य नेता शामिल थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *