बुधवार को बोकारो आरपीएफ ने गिरिडीह से तेलंगाना ले जा रहे चार नाबालिग बच्चों का रेस्क्यू किया। इसमें दो बालक व दो बालिका शामिल हैं, जिनकी उम्र 14 से 15 वर्ष है। जानकारी के मुताबिक गिरिडीह से तेलंगाना जाने के लिए बच्चों के साथ एक व्यक्ति सड़क मार्ग से चलकर बोकारो रेलवे स्टेशन पहुंचा था। सभी ने संबलपुर एक्सप्रेस की टिकट भी ले लिया था। ट्रेन बोकारो में शाम लगभग 6 बजे थी, तब तक सभी स्टेशन पर बैठे थे और घूम रहे थे। आरपीएफ को संदेह हुआ तो सभी को पकड़कर पूछताछ किया गया। ह्यूमन ट्रैफिकिंग का अंदेशा होने पर इसकी सूचना बाल कल्याण समिति बोकारो को दिया गया। सूचना मिलते ही समिति की अध्यक्ष लीला देवी पहुंची और बच्चों से बातचीत की। अध्यक्ष ने बताया कि नाबालिगों को झूठ बोलकर ले जाने वाले व्यक्ति रामकुमार राय को पकड़कर पूछताछ किया गया। पूछताछ के क्रम में जानकारी प्राप्त हुई कि इन बच्चों को काम करवाने के लिए गिरिडीह से तेलंगाना ले जाया जा रहा था। मामला बाल श्रम और तस्करी का मामला प्रतीत होता है। यह जघन्य अपराध है। बच्चों के परिजनों को संपर्क किया गया है। उन्हें बोकारो बुलाया गया है। बताया कि पकड़े गए व्यक्ति की जांच के बाद नियम संगत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों से बात करतीं बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष।


