मुंगेली| कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में समय-सीमा की समीक्षा बैठक लेकर जिले में चल रही प्रमुख योजनाओं और विभागीय कार्यों की प्रगति की जांच की। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लक्ष्य के अनुरूप प्रगति न होने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। कलेक्टर ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचना चाहिए और सभी अधिकारी जिम्मेदारी से कार्य करें। बैठक में जल जीवन मिशन के तहत 177 गांवों के लिए गर्मी से पहले वैकल्पिक जल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि किसी भी गांव में पेयजल की समस्या नहीं होनी चाहिए, इसलिए पूर्व तैयारी अनिवार्य है। उन्होंने जल प्रबंधन, समूह जल प्रदाय और भू-जल स्तर सुधार के लिए बेहतर योजना बनाने को कहा। साथ ही स्कूलों और आंगनबाड़ियों में शौचालयों की साफ-सफाई, बिना मान्यता प्राप्त स्कूलों की जांच और जनपद सीईओ को पंचायतों का भ्रमण कर समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए गए। पीएम जनमन योजना के तहत सड़क निर्माण कार्यों में गति लाने और अवैध उत्खनन/परिवहन पर सख्त निगरानी रखने की भी बात कही गई। कलेक्टर ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति पर भी समीक्षा की और लोरमी क्षेत्र में धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी जताते हुए सीएमओ लोरमी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस योजना में कोई लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।


