नकल करते पकड़े गए तो 2 साल के लिए बैन

भास्कर न्यूज | संगरूर/बरनाला 17 फरवरी से शुरू हो रहे 10वीं-12वीं बोर्ड एग्जाम को लेकर सीबीएसई ने एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। हालांकि इस एडमिट कार्ड को खुद स्टूडेंट डाउनलोड नहीं कर सकते हैं। सीबीएसई बोर्ड की तरफ से स्कूलों को भेजी गई जानकारी के मुताबिक रेगुलर स्टूडेंट्स यह एडमिट कार्ड खुद डाउनलोड नहीं कर पाएंगे। यह सुविधा सिर्फ स्कूलों को ही दी गई है। सीबीएसई ने सभी स्कूलों को परीक्षा संगम पोर्टल पर जाकर अपनी आईडी लॉगइन करने के बाद वहां से सभी बच्चों के एडमिट कार्ड डाउनलोड करने को कहा है। बोर्ड ने 10वीं और 12वीं के परीक्षार्थियों को सलाह दी है कि वह अपने एडमिट कार्ड के लिए स्कूल से संपर्क करें। स्कूलों की तरफ से ही उन्हें प्रिंटेड एडमिट कार्ड दिए जाएंगे। सीबीएसई की ओर से यह भी कहा गया है कि एडमिट कार्ड पर स्कूल की स्टैंप और प्रिंसिपल के हस्ताक्षर होने जरूरी हैं, तभी उस एडमिट कार्ड को मान्यता दी जाएगी। ऐसे में स्टूडेंट्स किसी भी तरह से खुद एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं कर सकते हैं। अगर एडमिट कार्ड की कॉपी मिल भी जाती है तो उसे पर स्कूल की मोहर और प्रिंसिपल के साइन होने जरूरी हैं। बोर्ड 10वीं और 12वीं के प्राइवेट कैंडिडेट्स को एडमिट कार्ड पहले ही जारी कर चुका है। सीबीएसई के 10वीं के एग्जाम 17 फरवरी से शुरू होने जा रहे हैं जो 11 मार्च तक चलेंगे। वहीं, 12वीं के एग्जाम भी 17 फरवरी से ही शुरू होने जा रहे हैं जो 10 अप्रैल तक चलेंगे। बोर्ड ने स्टूडेंट्स को यह भी सलाह दी है कि वह परीक्षा केंद्र पर अपना ओरिजिनल एडमिट कार्ड ही लेकर जाएं। इसके बिना एंट्री नहीं मिलेगी। स्कूल की तरफ से एडमिट कार्ड मिलने के बाद स्टूडेंट्स को एडमिट कार्ड पर कुछ चीज चेक करने को कहा गया है। इनमें स्टूडेंट का नाम, माता-पिता का नाम, स्कूल का नाम, रोल नंबर, एग्जाम सेंटर का पता, जन्मतिथि और फोटो-सिग्नेचर प्रमुख हैं। परीक्षा में नकल आदि करते पकड़े जाने पर परीक्षार्थी 2 साल तक परीक्षा नहीं दे पाएंगे। ऐसे स्टूडेंट अगले साल कंपार्टमेंटल परीक्षा भी नहीं दे सकेंगे। बोर्ड ने स्कूलों को इस गाइडलाइन को स्टूडेंट के पैरेंट्स से बताने को कहा है। स्टूडेंट्स को एग्जाम के दौरान स्कूल ड्रेस में ही सेंटर पर आने को कहा गया है। प्राइवेट स्टूडेंट को हल्के रंग के कपड़े पहन कर आने के निर्देश हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *