संगरूर | लाइफ गार्ड नर्सिंग इंस्टीट्यूट संगरूर द्वारा विश्व कैंसर दिवस बड़े उत्साह और जागरूकता के साथ मनाया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कैंसर की रोकथाम, समय पर पहचान और प्रभावी प्रबंधन के प्रति जागरूकता फैलाना रहा। इस अवसर पर विभिन्न नर्सिंग कोर्सों के विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रम की मेजबानी जीएनएम तीसरे साल की छात्रा परनीत कौर व सिमरन कौर ने की। कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान की प्रिं. प्रो. रिंटू चतुर्वेदी के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से लडऩे में जागरूकता, सहानुभूति और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच की अहम भूमिका पर प्रकाश डाला। कैंसर जागरूकता को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें जीएनएम द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों द्वारा पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन, बीएससी नर्सिंग प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों द्वारा रोल प्ले, जीएनएम तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों द्वारा प्रभावशाली माइम और कविता पाठ शामिल रहे। सभी प्रस्तुतियां कैंसर की रोकथाम और जागरूकता पर केंद्रित थीं। कार्यक्रम में मुख्यातिथि डॉ. सागर उपस्थित रहे। उनके साथ विशेष अतिथि डॉ. प्रिया गुप्ता और पीजीआई सैटेलाइट सेंटर, घाबदा (संगरूर) से नर्सिंग ऑफिसर विक्रम भी मौजूद रहे। डॉ. प्रिया गुप्ता ने सर्वाइकल कैंसर पर जानकारीपूर्ण व्याख्यान देते हुए समय पर स्क्रीनिंग की आवश्यकता पर जोर दिया। डॉ. सागर ने कैंसर की रोकथाम, शीघ्र निदान, उपचार विकल्पों और जीवनशैली सुधार पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। वहीं डॉ. भावना ने कैंसर उपचार में आयुर्वेद की सहायक भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में डायरेक्टर डॉ. परविंदर कौर, शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। समापन मौके संस्थान के कानूनी सलाहकार डॉ. सुखविंदर सिंह ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। यह आयोजन विश्व कैंसर दिवस के संदेश को सार्थक रूप से दर्शाने में सफल रहा।


