भास्कर न्यूज | मालेरकोटला पंजाब राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग और उद्योग एवं वाणिज्य विभाग पंजाब द्वारा प्रदेश की मेहनती, हुनरमंद और साहसी महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से रैंप योजना के तहत पंजाब सखी शक्ति मेला महिला उद्यमियों का सशक्तिकरण का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला 13 से 15 फरवरी तक सूफी फेस्टिवल के दौरान स्थानीय सरकारी कॉलेज, मलेरकोटला में आयोजित होगा। इस मेले में देश के विभिन्न राज्यों से आई महिला शिल्पकारों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इनमें खाद्य सामग्री, ड्राई फ्रूट्स, लकड़ी के खिलौने, फर्नीचर, कालीन, साडय़िां-सूट, कश्मीरी कपड़े, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, सूखे फूल, कश्मीरी कहवा सहित अनेक हस्तनिर्मित वस्तुएं शामिल होंगी। कुल 70 से अधिक स्टॉल इस मेले की शोभा बढ़ाएंगे। जानकारी देते हुए अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास) रिंपी गर्ग ने बताया कि यह मेला घरेलू उत्पादों, पारंपरिक कला और आधुनिक हस्तशिल्प का अनूठा संगम होगा। मेले में विशेष फूड कोर्ट बनाया जाएगा तथा प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेले में प्रवेश पूरी तरह मुफ्त रहेगा। उन्होंने कहा कि यह मेला केवल खरीदारी और मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि महिला सशक्तिकरण, पंजाबी रचनात्मकता और स्थानीय हुनर को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में एक मजबूत कदम है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि आगंतुकों, शिल्पकारों और कलाकारों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारू रूप से सुनिश्चित की जाएं। अंत में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने जिला वासियों से अपील की कि बड़ी संख्या में मेले में पहुंचकर इसका लाभ उठाएं, जिससे महिला उद्यमियों को प्रोत्साहन मिलेगा और बच्चों को भी सीखने का अवसर प्राप्त होगा। इस मौके पर ब्लॉक विकास एवं पंचायत अधिकारी जसविंदर सिंह, बबलजीत कौर सहित विभागीय स्टाफ उपस्थित रहा।


