बालोद जिले में नगर निकाय चुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। कल होने वाले मतदान के लिए आज कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने टाउन हॉल से हरी झंडी दिखाकर मतदान दलों को रवाना किया। जिले की 6 नगर पंचायतों और 2 नगर पालिकाओं के 164 मतदान केंद्रों पर लगभग 86 हजार मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। कलेक्टर ने बताया कि ईवीएम मशीनों के उपयोग के लिए सभी वार्डों में कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। किसी भी तकनीकी समस्या के समाधान के लिए एक वार रूम की स्थापना की गई है। साथ ही मतदाताओं को भी जागरूक किया गया है, ताकि चुनाव व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके। कंट्रोल रूम से की जाएगी मॉनिटरिंग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक एसआर भगत ने बताया कि 50 से अधिक पेट्रोलिंग पार्टियां सभी नगरीय निकायों में निगरानी रखेंगी। पुलिस मुख्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम से पल-पल की मॉनिटरिंग की जाएगी। 500 से अधिक पुलिसकर्मियों को मतदान केंद्रों पर तैनात किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा करेंगे। प्रशासन ने चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की है।


