पटियाला |पंजाबी यूनिवर्सिटी में शिक्षकों के लिए सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) और उभरती शिक्षण तकनीकों पर एक संकाय विकास कार्यक्रम शुरू हो गया है। यूनिवर्सिटी के शिक्षा एवं सामुदायिक सेवा विभाग द्वारा एनसीईआरटी, नई दिल्ली के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता वाइस चांसलर डॉ. जगदीप सिंह ने की। ऑस्ट्रेलिया के पर्थ स्थित कर्टिन विश्वविद्यालय से आईं प्रोफेसर राहेल शेफील्ड ने मुख्य भाषण दिया। कुलपति डॉ. जगदीप सिंह ने इस बात पर जोर दिया कि अब शिक्षक का सबसे बुनियादी कर्तव्य छात्रों को डिजिटल दुनिया में फैल रही गलत सूचनाओं का मुकाबला करने के लिए प्रामाणिक जानकारी प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षक के लिए प्रौद्योगिकी अब एक मूलभूत आवश्यकता बन गई है। आज कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की बदौलत तकनीकी परिवर्तन की गति इतनी तेज है कि इसके साथ तालमेल बिठाना मुश्किल हो सकता है। फिर भी, हमें इसे अपनाना होगा।


